बांग्लादेश का बड़ा ऐलान— ‘इंडिया नहीं आएंगे, चाहे वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़े!’

क्रिकेट की दुनिया से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर आ रही है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी ने साफ कर दिया है कि उनकी टीम टी20 विश्व कप खेलने के लिए भारत नहीं आएगी. यह फैसला बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल और बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल के बीच हुई एक अहम बैठक के बाद लिया गया है. खेल सलाहकार ने दो टूक शब्दों में कह दिया है कि सरकार का रुख एकदम स्पष्ट है और सुरक्षा कारणों की वजह से टीम इंडिया की सरजमीं पर कदम नहीं रखेगी.

इस पूरे विवाद की जड़ सुरक्षा चिंताओं को बताया जा रहा है. आसिफ नजरुल का कहना है कि उन्हें आईसीसी से वह न्याय नहीं मिला जिसकी वे उम्मीद कर रहे थे. बांग्लादेश चाहता था कि उनके मैचों को भारत से हटाकर श्रीलंका शिफ्ट कर दिया जाए. नजरुल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वे देश के लोगों और खिलाड़ियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करना चाहते. उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर क्रिकेटरों से भी चर्चा की गई है और वे सरकार के इस गंभीर फैसले के साथ हैं.

दूसरी तरफ बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने इस स्थिति पर मायूसी जताते हुए कहा कि वे एक बार फिर आईसीसी से संपर्क साधेंगे. बुलबुल ने पहले आईसीसी से 24 से 48 घंटे का समय मांगा था ताकि वे अपनी सरकार से आखिरी बार बात कर सकें. हालांकि उन्हें किसी करिश्मे की उम्मीद थी, लेकिन अब सरकार के कड़े रुख के बाद तस्वीर साफ हो गई है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश की टीम श्रीलंका में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन भारत जाने का उनका कोई इरादा नहीं है.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी का इस मामले पर रुख काफी सख्त रहा है. आईसीसी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उन्होंने सुरक्षा के सभी पैमानों की जांच की है और इस वक्त टूर्नामेंट का वेन्यू बदलना मुमकिन नहीं है. आईसीसी ने बांग्लादेश को अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि अगर वे भारत आने से इनकार करते हैं, तो उनकी जगह किसी दूसरी टीम को शामिल कर लिया जाएगा. ताजा जानकारी के मुताबिक, अब ग्रुप सी में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की टीम वर्ल्ड कप का हिस्सा बनेगी.

सात फरवरी से शुरू होने वाले इस टी20 विश्व कप में बांग्लादेश को ग्रुप सी में रखा गया था, जहां उसके मुकाबले इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली जैसी टीमों से होने थे. भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे कूटनीतिक तनाव का असर अब खेल के मैदान पर साफ दिखने लगा है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि वे अपने रुख पर कायम हैं और सरकार का फैसला उनके लिए सर्वोपरि है. अब देखना होगा कि आईसीसी के इस कड़े फैसले और बांग्लादेश के हटने के बाद इस विश्व कप का रोमांच किस दिशा में जाता है.

यह भी पढ़ें

अन्य

टॉप स्टोरी

Wait 5s...