विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टीम इंडिया ने कीवियों के ‘पर’ कतर दिए हैं। टॉस जीतकर न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया, लेकिन अभिषेक शर्मा के इरादे कुछ और ही थे। अभिषेक ने महज़ 35 गेंदों में 83 रनों का ऐसा तूफ़ान खड़ा किया कि कीवी गेंदबाज़ मैदान के हर कोने में गेंद ढूंढते नज़र आए। रही-सही कसर ‘फिनिशर’ रिंकू सिंह ने पूरी कर दी, जिन्होंने आख़िरी ओवरों में अपनी क्लास दिखाते हुए महज़ 20 गेंदों में 44 रन कूट दिए। कप्तान सूर्यकुमार यादव के 32 और हार्दिक पंड्या के 25 रनों की बदौलत भारत ने बोर्ड पर 238 रनों का विशाल स्कोर टांग दिया।
239 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूज़ीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। हालांकि, ग्लेन फ़िलिप्स ने 78 रनों की शानदार पारी खेलकर और मार्क चैपमैन (39 रन) के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाज़ों को चुनौती देने की भरपूर कोशिश की, लेकिन लक्ष्य इतना बड़ा था कि कीवी टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 190 रन ही बना सकी। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लेकर न्यूज़ीलैंड की कमर तोड़ दी, जबकि अर्शदीप, अक्षर और हार्दिक को एक-एक सफलता मिली। 48 रनों की इस धमाकेदार जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सिरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है और अपनी आतिशी पारी के लिए अभिषेक शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ के खिताब से नवाज़ा गया है।



