T20 वर्ल्ड कप शुरू होने में बस तीन हफ्ते बचे हैं, लेकिन एक ऐसी खबर आई है जिसने ICC के दफ्तर से लेकर ढाका और दिल्ली तक खलबली मचा दी है. खबर ये है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने साफ कह दिया है— ‘हम वर्ल्ड कप खेलने तो चाहते हैं, लेकिन भारत नहीं आएंगे.’ अब इस पर ICC ने अल्टीमेटम दे दिया है कि भैया, जो फैसला लेना है 21 जनवरी तक ले लो, वरना आपकी जगह कोई और टीम खेलती दिखेगी.
विवाद की जड़: मुस्तफ़िज़ुर, IPL और बैन
ये सारा रायता फैला कहाँ से? असल में इसकी शुरुआत हुई IPL 2026 से. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बिना कोई कारण बताए बांग्लादेशी स्टार गेंदबाज मुस्तफ़िज़ुर रहमान को अपनी टीम से बाहर कर दिया. इसके जवाब में बांग्लादेश सरकार ने देश में IPL के प्रसारण पर ही ताला जड़ दिया. बात बढ़ते-बढ़ते यहाँ तक आ गई कि BCB ने भारत में वर्ल्ड कप मैच खेलने से हाथ खड़े कर दिए.
सुरक्षा का बहाना या कुछ और?
BCB कह रहा है कि उन्हें भारत आने में ‘सुरक्षा’ की चिंता है. हालांकि, एक स्वतंत्र एजेंसी की रिपोर्ट कहती है किसी टीम के लिए कोई स्पेसिफिक खतरा नहीं है. ICC ने भी भरोसा दिलाया है कि डरने की बात नहीं है, लेकिन बांग्लादेशी बोर्ड अपनी बात पर अड़ा है. उन्होंने तो यहाँ तक कह दिया कि ‘हमें श्रीलंका भेज दो या आयरलैंड के साथ हमारा ग्रुप बदल दो’, लेकिन ICC ने हाथ जोड़ लिए कि भाई, आखिरी वक्त पर पूरा शेड्यूल नहीं बदल सकते.
अब आगे क्या?
बांग्लादेश को अपना पहला मैच कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है. अगर 21 जनवरी तक BCB नहीं माना, तो ICC ‘प्लान-B’ तैयार कर चुका है. रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह वर्ल्ड कप में एंट्री मिल सकती है. यानी बांग्लादेश की एक जिद उसे वर्ल्ड कप से बाहर करवा सकती है.



